उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर औरास क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्लीपर बस चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में बिहार के एक दारोगा और एक कैदी सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से बिहार जा रही थी। मृतक दारोगा रामचंद्र एक कैदी छत्रपाल को सिवान से दिल्ली लेकर आए थे और बयान दर्ज कराने के बाद उसे वापस बिहार ले जा रहे थे।

हादसा सुबह करीब छह बजे उस समय हुआ जब अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर के बाद कई यात्री खिड़कियों से बाहर उछलकर एक्सप्रेसवे किनारे खंती में जा गिरे।

घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा कर्मी करीब आठ मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचित कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। इसके बाद औरास पुलिस भी मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने बिहार के दारोगा और कैदी समेत पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी घायलों का उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्यों की निगरानी की। पुलिस और यूपीडा की टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात को फिर से सामान्य कराया।