छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के दहदहा स्थित एक सरकारी माध्यमिक स्कूल में 35 बच्चों द्वारा अपनी कलाई काटने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। यह मामला लगभग 20 दिन पुराना बताया जा रहा है।

घटना के बारे में पता चलते ही बच्चों के अभिभावकों ने इसे पंचायत में उठाया। इसके बाद प्रशासन की टीम ने स्कूल पहुंचकर बच्चों और शिक्षकों से बातचीत की। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि कई बच्चों ने एक-दूसरे को देखकर इस कदम को उठाया।

ABVP ने जांच और कार्रवाई की मांग की

कुरूद ब्लॉक के दहदहा स्कूल में हुई इस घटना पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने गहरी चिंता व्यक्त की है। परिषद के पदाधिकारियों ने डीईओ कार्यालय जाकर सहायक संचालक आर.एन. मिश्रा को ज्ञापन सौंपा और विशेष कमेटी बनाकर जांच की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा।

ABVP के जिला संयोजक हितेश घृतलहरे ने बताया कि इस घटना में कक्षा छठवीं से आठवीं तक के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल शारीरिक चोट तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे विद्यार्थियों की मानसिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठते हैं।

इस दौरान छात्रावास प्रभारी प्रमोद भारती और ABVP कार्यकर्ता दुर्गेश नेताम भी उपस्थित थे। परिषद ने प्रशासन से आग्रह किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।