अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी के जन्मदिन पर राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रम में शारीरिक दूरी के नियम का पालन किया गया। युवक कांग्रेस की ओर से सुभाष स्टेडियम में आयोजित राशन वितरण कार्यक्रम में इसका नजारा देखने को मिला। युकां कार्यकर्ताओं ने राशन के पैकेट को तीन फीट की दूरी पर रखा था। राशन लेने पहुंचे लोग एक-एक पैकेट के पास खड़े हो गए।
शनिवार के अंक में कोरोना रोकने के दिशा निर्देश तार-तार शीर्षक से खबर का प्रकाशन किया था। इसके बाद कांग्रेस ने अपने सभी आयोजनों में शारीरिक दूरी का पालन करने के निर्देश दिए हैं। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कोको पाढी ने कहा कि राहुल गांधी के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। रायपुर में एक हजार राशन पैकेट बांटे गए और पौधे लगाए गए।
रायपुर शहर जिलाध्यक्ष स्वप्निल मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने सभी कार्यकर्ताओं को कोरोना पीड़ितों की मदद का निर्देश दिया था। इसके पालन में राशन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शारीरिक दूरी के पालन के लिए बकायदा राशन के पैकेट को तीन फीट की दूरी पर रखा गया।
लोग एक-एक पैकेट के पास पहुंचे और अपना राशन लिया। कार्यक्रम में विधायक कुलदीप जुनेजा, विधायक विकास उपाध्याय, महापौर एजाज ढेबर, पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा, सुबोध हरितवाल, अशरफ हुसैन, आकाशदीप शर्मा, संदीप वोरा, गुलजेब अहमद, अंकिता दुबे सहित अन्य मौजूद थे।
राहुल का जन्मदिन मनाने गोठान पहुंचे मरकाम
राहुल गांधी का जन्मदिन मनाने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम गोठान में पहुंचे। कोंडागांव में आयोजित कार्यक्रम में मरकाम ने गोठान में कार्यरत महिलाओं को साड़ी भेंटकर सम्मान किया एवं कोरोना काल के विषम परिस्थितियों में अपनी और अपने परिवार की चिंता न कर सेवा में अपनी अहम भूमिका निभाने वाली महिला कर्मचारियों को साड़ी प्रदान की।
उन्होंने गोठान में केक और मिठाई भी बांटी। मोहन मरकाम ने कहा कि कोविड के चलते राहुल गांधी ने अपने जन्मदिन को धूमधाम से मनाने से मना किया है। सादगीपूर्ण आयोजन कर कोरोना काल के नियमों का पालन करते हुए प्रथम पंक्ति कोरोना वारियर्स, सफाईकर्मियों का सम्मान किया गया।
युवक कांग्रेस ने बांटे अनाज और लगाए पौधे
विधायक विकास उपाध्याय ने पौधा वितरण कर कोरोनाकाल में आक्सीजन की कमी को प्राकृतिक रूप से बनाये रखने का अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि 51 हजार पेड़ लोगों के घरों और पूरे क्षेत्र में लगाया जाएगा। विकास ने खुद स्टाल लगाकर पौधे बांटे। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मोहम्मद अजहर और रायपुर जिला महासचिव अभिषेक कसार ने भी पौधरोपण किया। इस दौरान प्रदेश महासचिव आशीष द्विवेदी, अब्दुल बासिद खान, अविजित त्रिपाठी मौजूद थे।