रांची/झारखंड: राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में शुक्रवार को ईद-उल-फितर का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। रांची के डोरंडा ईदगाह में बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही एकत्र हुए और ईद की नमाज अदा की। नमाज़ के दौरान पूरे ईदगाह में भाईचारे और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नमाज़ के दौरान सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे। डोरंडा थाना की थानेदार दीपिका प्रसाद मौके पर मौजूद रहीं और पूरे कार्यक्रम की निगरानी करती रहीं। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ आईआरबी, जैप, होमगार्ड और केंद्रीय बलों के जवानों ने भी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। रांची में कुल लगभग 5000 जवान तैनात किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पेट्रोलिंग कराई गई और लोगों को सुरक्षित माहौल में नमाज़ अदा करने के लिए मार्गदर्शन किया गया।
नमाज़ के बाद उत्सव का माहौल
नमाज़ संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। प्रशासन की मुस्तैदी और आमजन के सहयोग से पूरे शहर में आपसी सौहार्द और खुशी का वातावरण बना रहा।
गोड्डा में मंत्री ने दी शुभकामनाएं
गोड्डा में ईद-उल-फितर के मौके पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने भी लोगों से मिलकर उन्हें ईद की बधाई दी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं। मंत्री ने जिले के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।