बालोद। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। दुर्ग से दल्लीराजहरा जा रही पायल ट्रेवल्स की बस की स्टेयरिंग फेल होने के कारण बस अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक के पास बनी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में लगभग 20 से 30 यात्री सवार थे।
टोल प्लाजा के पास हुई बस अनियंत्रित
जानकारी के अनुसार, बस कुसुमकसा और जमही टोल प्लाजा के बीच स्टेयरिंग फेल होने के बाद ढलान की वजह से सड़क किनारे रेलवे ट्रैक की ओर पलटी। गनीमत रही कि बस रेलवे पटरी से कुछ ही दूरी पर रुकी, जिससे बड़ा रेल हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने बचाया जीवन
हादसे की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।
चालक फरार, जांच जारी
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश कर रही है। वहीं, जांच यह भी कर रही है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या तेज रफ्तार और लापरवाही इसमें शामिल थी।