अलीगढ़-इगलास रोड पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब बरातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। इस घटना में 11 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मथुरा जिले के कोसीकलां क्षेत्र के गांव जटवारी से 30 अप्रैल को एक बरात इगलास गई थी। शादी की सभी रस्में और दावत खत्म होने के बाद बराती बस से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान इगलास रोड पर मुहरैनी गांव के पास बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
बताया जा रहा है कि बस में लगभग 40 से 50 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। हादसे के बाद घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पहले सीएचसी भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को अलीगढ़ के मलखान सिंह जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के बाद सभी घायलों को घर भेज दिया गया।
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। एसपी ट्रैफिक प्रवीन कुमार ने बताया कि बस हादसे में घायल सभी लोग सुरक्षित हैं और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
घायलों की सूची
हादसे में घायल होने वालों में कृष्ण (20), नज्जो (25), नितिन (24), रिंकू (32), जगत (35), चन्नो (45), होरीलाल (65), शिवा (14), अजय (28), सचिन (15) और वीरेन्द्र (30) शामिल हैं।