छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक विमान दुर्घटना की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि नारायणपुर इलाके में एक निजी विमान आरा पहाड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पायलट और को-पायलट की मौत की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके के लिए रवाना हो गए। जिले के एसएसपी लाल उमेद सिंह भी घटनास्थल के लिए निकल चुके हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
आग की लपटों के साथ दिखा हादसे का वीडियो
दुर्घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी इलाके से तेज आग की लपटें उठती दिखाई दे रही हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि टक्कर के बाद विमान में आग लग गई थी और हादसा काफी गंभीर था।
यात्रियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान में पायलट और को-पायलट के अलावा अन्य कोई यात्री सवार था या नहीं। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटाने और राहत-बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी में जुटी हुई है।