नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने अपने आवासीय प्रोजेक्ट्स में फ्लैट खरीदने वालों के लिए पार्किंग शुल्क को खत्म कर दिया है। यानी खरीदारों को खुले या ढके हुए पार्किंग स्थल के लिए अलग से भुगतान नहीं करना होगा।
इस निर्णय से फ्लैट के दाम 5 लाख रुपये से लेकर 12 लाख रुपये तक कम हो सकते हैं। यह फायदा नए खरीदारों के साथ-साथ पहले से फ्लैट खरीद चुके लोगों को भी मिलेगा। डीडीए के इस कदम से चार प्रमुख आवासीय योजनाओं में फ्लैट की कीमतों में गिरावट आएगी।
कौन-कौन सी योजनाओं में होगा फायदा
इस राहत का लाभ कर्मयोगी आवास योजना 2025 (पहले आओ- पहले पाओ), डीडीए टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा आवासीय योजना 2025 (ई-नीलामी), डीडीए नागरिक आवास योजना 2026 (पहले आओ- पहले पाओ) और डीडीए टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा आवासीय योजना 2026 (पहले आओ- पहले पाओ) के फ्लैट खरीदारों को मिलेगा।
डीडीए के नए आदेश के मुताबिक अब फ्लैट के प्लिंथ एरिया रेट (पीएआर) की गणना करते समय पार्किंग स्थल के निर्माण की लागत को आवासीय क्षेत्र की कुल लागत में शामिल किया जाएगा। इसका मतलब है कि फ्लैट की कुल कीमत में पार्किंग शुल्क अलग से नहीं जोड़ा जाएगा।
पहले कैसे था मूल्य निर्धारण
पहले फ्लैट की कीमत में पार्किंग स्थल और गैरेज का खर्च अलग से जोड़ दिया जाता था। इसके लिए पार्किंग के आधार क्षेत्र को पीएआर से गुणा किया जाता और मूल्यह्रास को समायोजित करके कुल लागत में शामिल किया जाता था।
कितनी होगी बचत
कर्मयोगी आवास योजना में 11 वर्ग मीटर पार्किंग वाले एचआईजी फ्लैट की कीमत लगभग 10 लाख रुपये कम हो सकती है, जबकि एमआइजी फ्लैट चार-पाँच लाख रुपये तक सस्ते होंगे। टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा योजना में पार्किंग क्षेत्र बड़ा होने की वजह से छूट और अधिक होगी।
जो लोग पहले इन योजनाओं में फ्लैट खरीद चुके हैं और उनसे पार्किंग शुल्क लिया गया था, उनके पैसे या तो लौटाए जाएंगे या अगली किस्त में समायोजित किए जाएंगे।