नई दिल्ली। द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में 3 फरवरी को एक गंभीर सड़क दुर्घटना में 23 वर्षीय बाइक सवार साहिल धनेश्रा की मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ। हादसा लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास हुआ, जहां दो कारों और एक बाइक की भिड़ंत हुई।
पुलिस के अनुसार, सुबह 11:57 बजे सूचना मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो बाइक को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खड़ी टैक्सी से जा टकराई। इस हादसे में साहिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैक्सी चालक घायल हुआ। स्कॉर्पियो चालक 17 वर्षीय नाबालिग था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन बाद में उसे बोर्ड परीक्षा के कारण अंतरिम जमानत मिल गई।
पीड़ित साहिल की मां इन्ना माकन ने बताया कि जिस स्कॉर्पियो से बेटे की बाइक में टक्कर हुई, उस पर पहले से 13 ओवर-स्पीडिंग चालान थे। उन्होंने कहा, “मेरे बेटे की मौत सिर्फ दुर्घटना नहीं है। गाड़ी चालक और उसकी बहन स्टंट करते हुए रील बना रहे थे। यह पूरी घटना आपराधिक लापरवाही का नतीजा है। मुझे न्याय चाहिए।”
इन्ना माकन ने सोशल मीडिया पर भी न्याय की मांग करते हुए लिखा कि साहिल एक प्रतिभाशाली युवक था, जिसे अकेले पाला-पोसा। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे की जान लेने वाले नाबालिग चालक और उसकी बहन की लापरवाही और स्टंट की वजह से यह हादसा हुआ।