नई दिल्ली: सोमवार सुबह राजधानी में उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब अलग-अलग इलाकों में स्थित चार स्कूलों और एक बैंक को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। जानकारी मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और संबंधित परिसरों में जांच शुरू कर दी गई।

सुबह करीब 8 बजे से 9:30 बजे के बीच दिल्ली कैंट के आर्मी पब्लिक स्कूल, मयूर विहार स्थित सलवान पब्लिक स्कूल, जनकपुरी के मीरा पब्लिक स्कूल, बल्लीमारान की राबिया गर्ल्स स्कूल और बराखंबा रोड स्थित स्टेट्समैन हाउस में मौजूद एक्सिस बैंक शाखा को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए।

एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों को तत्काल खाली कराया गया। विद्यार्थियों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया, जबकि बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। बैंक भवन की भी गहन जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हालांकि, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जगहों पर सर्च ऑपरेशन जारी है।

उधर, साइबर विशेषज्ञों की टीम को ईमेल की उत्पत्ति और भेजने वाले की पहचान करने का जिम्मा सौंपा गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करने और आधिकारिक सूचनाओं का इंतजार करने की अपील की है।