पटना में खान सर के साथ विवाद को लेकर सुर्खियों में आए ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रौशन आनंद को बड़ी राहत मिली है। पटना सिविल कोर्ट ने सुनवाई के बाद उन्हें जमानत दे दी है। रौशन आनंद को खान सर इंस्टीट्यूट पर कथित हमले के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जहां वह पिछले कई दिनों से बंद थे।
जानकारी के मुताबिक, कोर्ट में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने जमानत याचिका स्वीकार कर ली। रौशन आनंद के वकील रमाकांत शर्मा ने बताया कि अदालत ने सभी तथ्यों पर विचार करने के बाद उन्हें बेल दे दी है। इस मामले में पहले ही खान सर को अग्रिम जमानत मिल चुकी है।
यह राहत ऐसे समय में मिली है जब एक दिन पहले ही रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजन नेपाल रवाना हो गए हैं।