नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को लक्ष्मी नगर क्षेत्र में स्थित यमुना नदी के घाटों का दौरा कर छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से यमुना छठ घाट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधा के लिए सभी इंतज़ाम समय रहते पूरे किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय बाद इस वर्ष दिल्लीवासी यमुना के किनारे छठ पर्व मना पाएंगे। उन्होंने कहा, “सरकार की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि वे बिना किसी परेशानी के पर्व संपन्न कर सकें। इस बार दिल्ली में छठ महापर्व यादगार साबित होगा।”

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने घाट पर सुरक्षा, स्वच्छता, रोशनी और जल व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रशासन और सरकार मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि इस बार छठ पूजा श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और विशेष अनुभव बने।