नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 40 वर्षीय राशिद के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दयालपुर क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने राशिद पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तीन लोग एक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि दो हमलावर हेलमेट पहने हुए थे। वीडियो में वे बाइक से उतरकर फायरिंग करते और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार होते नजर आ रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपियों की पहचान के संकेत मिले हैं और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की सटीक पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।