दिल्ली। राजधानी में आग लगने की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में हौजरानी और तुगलकाबाद एक्सटेंशन इलाके में हुए भीषण अग्निकांड में 26 लोगों की जान चली गई थी और कई लोग अभी भी इलाजरत हैं। इन हादसों के बीच राहत की बात यह रही कि कई मौकों पर पुलिस और दमकल विभाग के जवानों ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से लोगों की जान बचाई है।
ताजा घटना दक्षिण दिल्ली के सैनिक फार्म के पास राजू पार्क इलाके की है, जहां एक तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि दूसरे तल पर रखे फ्रिज का कंप्रेशर फटने के बाद आग तेजी से फैल गई और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही रात करीब 11:05 बजे दमकल विभाग को कॉल प्राप्त हुई, जिसके बाद तुरंत तीन फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में अतिरिक्त गाड़ियों को भी बुलाया गया। इस दौरान नेब सराय थाने की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।
आग लगने के समय इमारत के दूसरे और तीसरे फ्लोर पर कई लोग फंसे हुए थे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। दिल्ली पुलिस और दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के दौरान कुछ लोगों को रस्सी के सहारे बालकनी से नीचे उतारा गया, जबकि कुछ को छत के रास्ते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। कुल मिलाकर 12 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिनमें चार बच्चे, चार महिलाएं और चार पुरुष शामिल थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की शुरुआत संभवतः दूसरे फ्लोर पर रखे फ्रिज में हुए शॉर्ट सर्किट से हुई थी, जिसके बाद कंप्रेसर ब्लास्ट होने से आग तेजी से फैल गई और तीसरी मंजिल तक पहुंच गई। समय रहते पुलिस और दमकल की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।