दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं की खरीद और आपूर्ति व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए केंद्रीय खरीद एजेंसी (CPA) में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर 40 से अधिक मेडिकल, पैरामेडिकल और प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों का तबादला किया गया है।
सरकार का कहना है कि इस कदम से दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सामग्रियों की खरीद प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा, जिससे पूरे स्वास्थ्य ढांचे की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, CPA में कार्यरत कई स्तरों पर फेरबदल किया गया है। इसमें हेड ऑफ ऑफिस डॉ. विनोद कुमार रंगा सहित 10 डॉक्टरों का स्थानांतरण शामिल है। इसके अलावा पैरामेडिकल कैडर के 19 कर्मचारियों का भी तबादला किया गया है, जिनमें फार्मासिस्ट, जूनियर मेडिकल लैब टेक्नीशियन, लैब अटेंडेंट और ड्राइवर शामिल हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सेक्शन ऑफिसर, सीनियर असिस्टेंट और जूनियर असिस्टेंट स्तर के 10 कर्मचारियों को भी स्थानांतरित किया गया है। इस दौरान CPA में मानव संसाधन की विस्तृत समीक्षा की गई और यह भी जांच की गई कि कौन-कौन से कर्मचारी CPA के वेतनमान पर रहते हुए अन्य विभागों में कार्यरत हैं, ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि CPA दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां से दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद एवं आपूर्ति का संचालन होता है। इसे अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों से अनुभवी अधिकारियों को जोड़ा जा रहा है।
इसी क्रम में 12 चिकित्सा अधिकारियों को भी CPA में नियुक्त किया गया है। इनमें वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी और CMO स्तर के अधिकारी शामिल हैं। सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से खरीद, भंडारण, आपूर्ति और प्रशासनिक कार्यों में अधिक दक्षता आएगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।