दिल्ली के साकेत इलाके में इमारत ढहने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भवन मालिक करमवीर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 71 वर्षीय करमवीर, पुत्र मंगल सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच के दौरान भवन स्वामी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद उसे हिरासत में लिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम के विभिन्न पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

गौरतलब है कि साकेत में स्थित छह मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी, जिसमें चार छात्रों सहित कुल छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल भी हुए थे। इस हादसे के बाद इलाके में काफी अफरा-तफरी और दहशत फैल गई थी।

जर्जर इमारत पर अतिरिक्त निर्माण बना हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सैदुल्लाजाब क्षेत्र में लगभग 400 गज में बनी यह इमारत पहले से ही जर्जर स्थिति में थी। बावजूद इसके, उस पर अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किया जा रहा था। जानकारी के मुताबिक, चार मंजिल पहले से मौजूद थीं, जबकि ऊपर तीन और मंजिलें जोड़ी जा रही थीं। निर्माण कार्य के दौरान ही ढांचा अतिरिक्त भार सहन नहीं कर सका और इमारत ढह गई।

इस मामले में अवैध निर्माण और नगर निगम (MCD) अधिकारियों की संभावित मिलीभगत की भी जांच की जा रही है।

छह लोगों की मौत, चार छात्र भी शामिल

इस दर्दनाक हादसे में जिन छह लोगों की मौत हुई है, उनमें चार छात्र कपिल, आलोक, नलिन और डॉ. रवि प्रकाश सिंह शामिल हैं। इनके अलावा कैंटीन संचालक पार्वती ओझा और एकता की भी जान गई। कई अन्य लोग घायल हुए थे, जिनका अस्पताल में इलाज जारी रहा।

दो इंजीनियर निलंबित, प्रशासनिक कार्रवाई जारी

घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने भी सख्त कदम उठाए हैं। दक्षिण जोन के भवन विभाग के दो इंजीनियरों को निलंबित कर दिया गया है।

आदेश के अनुसार, सहायक अभियंता सुदेश सिंह चौहान पर प्रभावी निगरानी में लापरवाही का आरोप है, जबकि कनिष्ठ अभियंता अमन जैन पर कर्तव्यों के निर्वहन में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया गया है।

दिल्ली में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

राजधानी में पिछले वर्षों में भी कई इमारत गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है। इन घटनाओं ने लगातार निर्माण सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।