नई दिल्ली। राजधानी में मेट्रो स्टेशनों के नाम परिवर्तन की कड़ी में एक और बदलाव किया गया है। मयूर विहार फेज-1 के बाद अब उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘सेवा तीर्थ’ कर दिया गया है।
यह निर्णय प्रधानमंत्री कार्यालय के नई इमारत ‘सेवा तीर्थ’ में स्थानांतरित होने के तुरंत बाद लिया गया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि स्टेशन का नया नाम प्रशासनिक क्षेत्र में हो रहे बदलाव और ‘सेवा तीर्थ भवन’ की अवधारणा के अनुरूप रखा गया है।
यह स्टेशन दिल्ली मेट्रो रेल निगम की पीली लाइन पर स्थित है और मध्य दिल्ली के महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तरों को जोड़ता है। आसपास कई मंत्रालय और प्रमुख कार्यालय होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और आगंतुकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में नाम परिवर्तन को प्रतीकात्मक रूप से अहम कदम माना जा रहा है।
‘सेवा तीर्थ’ स्टेशन से कुछ ही दूरी पर प्रधानमंत्री कार्यालय स्थित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में नई इमारत का उद्घाटन करते हुए उसका नाम ‘सेवा तीर्थ’ रखा। इस भवन में प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और मंत्रिमंडल सचिवालय को एक साथ स्थापित किया गया है। भवन पर देवनागरी लिपि में ‘नागरिक देवो भव’ अंकित है। उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री ने इसे स्वतंत्र भारत की नई प्रशासनिक पहचान का प्रतीक बताया।