आज दुनियाभर में विश्व जल दिवस मनाया जा रहा है और इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पानी सिर्फ जीवन का आधार नहीं है, बल्कि पृथ्वी के भविष्य को आकार देने वाला अहम स्रोत भी है। पीएम मोदी ने सभी नागरिकों से अपील की कि हर बूंद की कद्र करना हमारी जिम्मेदारी है और इसे बचाना हर व्यक्ति का कर्तव्य है।
पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में लिखा कि विश्व जल दिवस पर हमें पानी का जिम्मेदारी और सतत उपयोग करने का संकल्प दोहराना चाहिए। उन्होंने उन सभी लोगों को भी सलाम किया, जो जल संरक्षण, जागरूकता फैलाने और सतत प्रथाओं को अपनाने में दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
विश्व जल दिवस क्यों मनाया जाता है?
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, विश्व जल दिवस का मुख्य उद्देश्य सतत विकास लक्ष्य 6 को पूरा करना है, जिसका लक्ष्य 2030 तक सभी के लिए सुरक्षित जल और स्वच्छता सुनिश्चित करना है। इस साल के अभियान में विशेष जोर महिलाओं को पानी से जुड़े फैसलों में समान अधिकार, नेतृत्व और अवसर देने पर रखा गया है। अभियान का उद्देश्य समाज में जल संरक्षण और समान भागीदारी की संस्कृति को बढ़ावा देना भी है।
22 मार्च को मनाया जाता है विश्व जल दिवस
विश्व जल दिवस हर साल 22 मार्च को मनाया जाता है। इसका मकसद लोगों में पानी के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना और जल संरक्षण की आदतें बढ़ाना है। दुनिया में आज भी बहुत लोग साफ पानी और स्वच्छता की कमी से जूझ रहे हैं, जबकि जल संसाधन लगातार घट रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र ने 1993 में यह दिन घोषित किया ताकि:
पानी का सही उपयोग और संरक्षण बढ़ावा मिले।
लोग सतत जल प्रबंधन और स्वच्छता के महत्व को समझें।
जल संकट और पानी से जुड़े पर्यावरणीय मुद्दों पर वैश्विक ध्यान आकर्षित किया जा सके।
सरकारें और समाज मिलकर सभी के लिए सुरक्षित जल सुनिश्चित करने के उपाय करें।