दिल्ली में बुधवार सुबह पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ देखने को मिला। सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ मौसम खुशनुमा रहा और तेज हवाओं ने ठंडक बढ़ा दी। सुबह ऑफिस जाने वाले लोग बारिश से बचने के लिए छाता और कोट के साथ नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में दिन का तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस गिर गया। राजधानी में सुबह से ही बादलों ने आसमान ढक रखा था। नरेला, बावाना और एनसीआर के गाजियाबाद, दादरी, ग्रेटर नोएडा, बल्लभगढ़ में अगले दो घंटों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है। तेज हवाएं 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
दिल्ली में बुधवार को 0.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, सफदरजंग मानक केंद्र में सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक 1.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी में आर्द्रता अधिकतम 92 प्रतिशत और न्यूनतम 66 प्रतिशत रही।
मौसम विभाग के अनुसार, रिज में न्यूनतम तापमान 15.5, आया नगर 15.2, लोधी रोड 15.8 और पालम 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी दिनों में दिल्ली में तापमान में हल्की वृद्धि और कमी का क्रम रहेगा। 19 से 22 फरवरी तक न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 23 फरवरी से न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
अधिकतम तापमान की बात करें तो 20 और 21 फरवरी को 27-29 डिग्री सेल्सियस, 22 फरवरी को 29-31 डिग्री और 23-24 फरवरी को 30-32 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। 22 से 24 फरवरी के बीच आंशिक रूप से बादलों की हल्की आवाजाही देखने को मिल सकती है।
उत्तर-पश्चिमी भारत में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के संकेत हैं। इसके बाद के पांच दिनों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है।