राजधानी दिल्ली में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। सुबह से ही घने बादल छा गए और तेज बरसात ने लोगों को एक ओर गर्मी से राहत दी, तो दूसरी ओर शहर की रफ्तार थाम दी। बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भर गया और ट्रैफिक घंटों जाम रहा। इससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार शनिवार सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक दिल्ली में 24.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सफदरजंग वेधशाला में 24.8, मयूर विहार में 33.5, लोधी रोड पर 27, पालम में 16.5, रिज पर 9.6 और आया नगर में 3.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। भारी जलभराव की स्थिति शास्त्री पार्क, रकाब गंज गुरुद्वारा, धौला कुआं, नांगलोई, द्वारका, नजफगढ़, आनंद विहार और बदरपुर सहित कई इलाकों में देखने को मिली।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में रेड अलर्ट घोषित किया था। दिन का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 65 से 100 प्रतिशत के बीच रहा। रविवार को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 31 और 23 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना जताई गई है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार 25 अगस्त को बादल छाए रहेंगे और मध्यम वर्षा हो सकती है। 26 और 27 अगस्त को आंधी-बारिश की संभावना है। वहीं 28 और 29 अगस्त को भी गरज-चमक के साथ बरसात का अनुमान है। इन दिनों अधिकतम तापमान 32-34 और न्यूनतम तापमान 22-23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
गुरुग्राम में जलभराव, विदेशी महिला का वीडियो वायरल
उधर, गुरुग्राम में तेज बारिश के बाद जलभराव की स्थिति ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। इसी बीच एक रूसी महिला द्वारा अपने इलाके का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के बाद शहर चर्चा का विषय बन गया। महिला ने सड़क पर भरे पानी की तुलना इटली के शहर वेनिस से की। वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हो गया, जिसे देखकर लोगों ने शहर की अव्यवस्था पर सवाल उठाए और चुटकी भी ली।
 
                 
                 
                 
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                     
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                        