उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। आईपीएल मैच देखकर घर लौट रहे दो दोस्तों को तेज रफ्तार सेलेरियो कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना तेज था कि बाइक कई बार पलटी खाकर सड़क किनारे जा गिरी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने भागने की कोशिश कर रहे कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि जान नहीं बच सकी।
मृतकों की पहचान रोहित (31) और उसके दोस्त हेमंत कुमार शर्मा (33) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच और स्थानीय लोगों के अनुसार कार चालक नशे की हालत में था। पुलिस ने आरोपी हिमांशु (27) को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया है। मेडिकल जांच के बाद यदि शराब सेवन की पुष्टि होती है तो मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी जाएंगी।
फिलहाल पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के कारण मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
रोहित अपने परिवार के साथ करावल नगर के भगत विहार में रहता था और टूर एंड ट्रैवल के व्यवसाय से जुड़ा था। वहीं हेमंत कुमार शर्मा एक कस्टम अधिकारी के पीए के रूप में कार्यरत था। दोनों बचपन के दोस्त थे और शुक्रवार को साथ में आईपीएल मैच देखने गए थे।
पुलिस के अनुसार दोनों दोस्त रात करीब 11 बजे खजूरी खास फ्लाईओवर से नीचे उतर रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।