नई दिल्ली। NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। इसी बीच राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक नया ऑनलाइन शिकायत पोर्टल लॉन्च किया है। इस पोर्टल के माध्यम से छात्र और आम नागरिक पेपर लीक से जुड़ी अफवाहों, फर्जी दावों और संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट कर सकते हैं।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि शिकायत दर्ज करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। यह कदम 21 जून को होने वाली NEET UG परीक्षा से पहले इसलिए उठाया गया है ताकि किसी भी तरह की अनियमितता को समय रहते रोका जा सके।

किन मामलों की शिकायत की जा सकती है?

एनटीए ने उन गतिविधियों को चिन्हित किया है जिनकी रिपोर्ट इस पोर्टल पर की जा सकती है, जैसे—

  • सोशल मीडिया, वेबसाइट या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर पेपर या आंसर-की लीक होने का दावा
  • पैसे लेकर पेपर उपलब्ध कराने या फर्जी परिणाम दिलाने का झांसा देने वाले गिरोह
  • खुद को NTA अधिकारी या परीक्षा से जुड़ा व्यक्ति बताकर धोखाधड़ी करना
  • परीक्षा से संबंधित फर्जी खबरें, अफवाहें या भ्रामक जानकारी फैलाना

शिकायत दर्ज करने के लिए क्या जानकारी जरूरी है?

शिकायत करते समय उपयोगकर्ता को घटना से जुड़ी पूरी जानकारी देनी होगी, जैसे—
कहां और किस प्लेटफॉर्म पर जानकारी देखी गई, किस तारीख और समय पर मामला सामने आया। साथ ही स्क्रीनशॉट, लिंक, फोटो या अन्य प्रमाण भी अपलोड किए जा सकते हैं, ताकि जांच प्रक्रिया आसान हो सके।

कहां करें शिकायत?

NTA ने NEET UG 2026 से संबंधित संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्टिंग के लिए पोर्टल innovateindia.mygov.in/neet-ug-2026/ उपलब्ध कराया है। इसके अलावा आधिकारिक अपडेट और सूचनाएं nta.ac.in और neet.nta.nic.in पर जारी की जाएंगी।

महत्वपूर्ण अपील

एनटीए ने छात्रों और अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या अनधिकृत स्रोत पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक वेबसाइटों से ही जानकारी प्राप्त करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करने की सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।