ईरान-अमेरिका और इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव का असर भारत में भी दिखाई देने लगा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी की खबरों के बीच शनिवार को ग्रेटर नोएडा के कई पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई जगहों पर वाहन चालकों की लंबी कतारें देखी गईं और अधिकतर लोग अपनी कार व बाइक के टैंक फुल कराते नजर आए।

आपूर्ति पर पड़ रहा है असर

खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव का असर वैश्विक तेल आपूर्ति पर पड़ने लगा है। ईरान पर हमलों के कारण तेल सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। माना जाता है कि दुनिया की करीब 20 प्रतिशत तेल आपूर्ति इसी क्षेत्र से होती है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़कर लगभग 90 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर हालात लंबे समय तक ऐसे ही रहे तो भारत सहित कई देशों में पेट्रोल-डीजल महंगे हो सकते हैं।

पेट्रोल पंपों पर बढ़ी भीड़

कीमत बढ़ने की संभावना के चलते शनिवार शाम शहर के कुछ पेट्रोल पंपों पर काफी भीड़ देखने को मिली। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू निवासी संजीव के मुताबिक, एक मूर्ति गोल चक्कर के पास स्थित पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। लोग अपनी बाइक और कारों में पूरा ईंधन भरवा रहे थे ताकि संभावित मूल्य वृद्धि से बचा जा सके।

अधिकारियों ने कही यह बात

जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कीमत बढ़ने को लेकर केवल आशंका जताई जा रही है। पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से अभी तक किसी तरह की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। हालांकि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कंपनियों से संपर्क बनाए रखा गया है। अभी तक कीमतों में बदलाव का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है।

पाकिस्तान में कीमतों में भारी उछाल

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव का असर पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी दिख रहा है। वहां पेट्रोल की कीमतों में करीब 55 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद कीमत लगभग 335 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। अमेरिका, यूरोप और इस्राइल में भी तेल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।