पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन को केंद्र सरकार ने दिल्ली में एक प्रमुख सरकारी आवास आवंटित किया है। यह बंगला लुटियंस दिल्ली के अत्यंत सुरक्षित और वीआईपी इलाके 1 मोतीलाल नेहरू मार्ग पर स्थित है। इससे पहले यह आवास झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो नेता शिबू सोरेन के नाम था।
सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन को पहले 9 सुनहरी बाग लेन का बंगला ऑफर किया गया था, लेकिन उन्हें यह पसंद नहीं आया। इसके बाद केंद्र सरकार ने उन्हें टाइप-8 श्रेणी का 1 मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित बंगला आवंटित किया, जिसे दिल्ली के सबसे प्रतिष्ठित सरकारी आवासों में शामिल किया जाता है।
नियमों के अनुसार आवंटन
डायरेक्टरेट ऑफ एस्टेट के नियमों के तहत, किसी राष्ट्रीय राजनीतिक दल के अध्यक्ष को, अगर वह केंद्रीय मंत्री या सांसद नहीं है, तो टाइप-8 श्रेणी का सरकारी बंगला दिया जा सकता है। इसी प्रावधान के आधार पर नितिन नवीन को यह आवास मिला है।
उन्नत सुविधाओं वाला बंगला
टाइप-8 बंगला हाई-ग्रेड माना जाता है। इसमें कुल 8 बड़े कमरे हैं, जिनमें 5-6 बेडरूम, विशाल ड्राइंग रूम, स्टडी रूम, मॉडर्न किचन और डाइनिंग एरिया शामिल हैं। साथ ही इसमें निजी गैराज, स्टोर रूम और स्टाफ क्वार्टर की अलग व्यवस्था भी है।
सुरक्षा का विशेष प्रबंध
इस श्रेणी के सरकारी बंगले सामान्य आवासों की तुलना में कहीं अधिक सुरक्षित होते हैं। पूरे परिसर में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और सुरक्षा बलों की 24 घंटे तैनाती रहती है। मेहमान और स्टाफ अलग प्रवेश और निकास मार्ग से भवन में प्रवेश करते हैं।
बिहार के लिए सियासी संदेश
दिल्ली में नितिन नवीन को यह प्रमुख सरकारी आवास केवल सुविधा का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह बिहार की राजनीतिक उपस्थिति और उनके बढ़ते राजनीतिक प्रभाव का संकेत भी माना जा रहा है। राष्ट्रीय राजनीति में उनके कद और भूमिका को यह आवंटन और मजबूती देता है।