प्रिया सचदेवा कपूर ने अपनी ननद मंदीरा कपूर स्मिथ और एक पॉडकास्टर के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने 20 करोड़ रुपये का सिविल मानहानि मुकदमा दायर करते हुए आरोप लगाया है कि पॉडकास्ट, इंटरव्यू और सोशल मीडिया पर दिए गए कथित बयानों से उनकी छवि और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी प्रिया इन्हीं आरोपों को लेकर मंदीरा कपूर स्मिथ के खिलाफ आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज करा चुकी हैं। यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब आरके फैमिली ट्रस्ट और पारिवारिक संपत्ति को लेकर परिवार के भीतर कानूनी मतभेद चल रहे हैं।
कौन हैं प्रिया सचदेवा कपूर?
दिल्ली के एक व्यवसायिक परिवार में जन्मी प्रिया, ऑटोमोबाइल कारोबारी अशोक सचदेव की बेटी हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन (UCL) से गणित और बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई की तथा कुछ समय यूसीएलए में भी अध्ययन किया। करियर की शुरुआत से पहले वह मॉडलिंग की दुनिया में सक्रिय रहीं और 2005 में रिलीज हुई फिल्म नील एंड निक्की में एक छोटी भूमिका में नजर आई थीं।
उनकी पेशेवर प्रोफाइल के अनुसार, वह वर्तमान में सोना कॉमस्टार में गैर-कार्यकारी निदेशक हैं और कपूर परिवार की निवेश कंपनी ‘ऑरियस इन्वेस्टमेंट’ के बोर्ड में भी शामिल हैं।
कॉरपोरेट और उद्यमिता का सफर
प्रिया ने अपने करियर की शुरुआत लंदन स्थित क्रेडिट सुइस फर्स्ट बॉस्टन के मर्जर एंड एक्विजिशन विभाग से की। भारत लौटने के बाद उन्होंने ऑटोमोबाइल रिटेल, बीमा, फैशन और ई-कॉमर्स सहित कई क्षेत्रों में काम किया। आगे चलकर उन्होंने टीएसजी इंटरनेशनल मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना की और लग्जरी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ‘रॉक एन शॉप’ की सह-संस्थापक रहीं।
इसके अलावा, वह ऑरियस पोलो टीम से भी जुड़ी हैं, जिसकी शुरुआत उनके पति संजय कपूर ने की थी। फिलहाल पारिवारिक और कानूनी विवाद के बीच यह मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है।