नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने क्रिकेटर शिखर धवन को आगामी दिल्ली खेल महाकुंभ का ब्रांड एंबेसडर घोषित किया है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में धवन से मुलाकात के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की। दिल्ली खेल महाकुंभ की शुरुआत 13 फरवरी से होने जा रही है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि शिखर धवन ने स्वयं आगे बढ़कर इस अभियान से जुड़ने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की खेल नीति और युवाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से प्रभावित होकर धवन ने यह भूमिका स्वीकार की है। सरकार को उम्मीद है कि उनके जुड़ाव से युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा, आत्मविश्वास और नई पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिखर धवन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन दिल्ली के उभरते खिलाड़ियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि धवन जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का साथ मिलना खेल महाकुंभ को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
इस मौके पर शिखर धवन ने कहा कि दिल्ली खेल महाकुंभ से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है। दिल्ली ने उनके जीवन और करियर को दिशा दी है और वे हमेशा इस शहर के युवाओं के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने खिलाड़ियों के लिए एक सशक्त मंच तैयार किया है और वे प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में पूरा सहयोग देंगे।