मोती बाग फ्लाईओवर के पास गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक चलती एंबुलेंस में अचानक आग लग गई और उसी दौरान ऑक्सीजन सिलिंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह एंबुलेंस समालखा में मरीज को छोड़कर सफदरजंग अस्पताल लौट रही थी। जैसे ही वाहन धौला कुआं से आगे मोती बाग फ्लाईओवर के पास पहुंचा, तभी उसमें शॉर्ट-सर्किट होने की आशंका के चलते आग लग गई।
आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए एंबुलेंस को सड़क किनारे रोक दिया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। इसी दौरान वाहन में रखा ऑक्सीजन सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए।#WATCH | Delhi | Visuals from the Moti Bagh flyover, where a CAT Ambulance of Safdarjung Hospital, returning after dropping a patient at Samalkha, caught fire around 7.20 PM due to a short circuit, which caused an oxygen cylinder inside to blast. One motorcycle nearby also caught… pic.twitter.com/SD6Qjdnuls
— ANI (@ANI) May 7, 2026
हादसे के दौरान आग की चपेट में पास खड़ी एक मोटरसाइकिल भी आ गई, जो पूरी तरह जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट-सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस में अचानक लगी आग के बाद ऑक्सीजन सिलिंडर फटने से स्थिति गंभीर हो गई, हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।