नई दिल्ली। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर सीतामऊ तहसील के ग्राम सेदरा माता के पास देर रात एक मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस पुलिया से नीचे जा गिरने से हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात लगभग 12 बजे जावरा की ओर से मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे की तरफ आ रही थी। इसी दौरान सेदरा माता और भुवनगढ़ के बीच पुलिया से नीचे गिर गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस को घटना की जानकारी सुबह तब मिली जब खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने हादसे की सूचना दी। एंबुलेंस में फंसे चालक को बचाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। चालक को सुबह लगभग 7 बजे सुरक्षित बाहर निकाला गया।

हादसे में कुल तीन लोग एंबुलेंस में सवार थे। दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चालक का उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।