नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के साकेत क्षेत्र में शनिवार को एक इमारत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन महिलाएं और सात पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने मामले में मकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

निर्माण कार्य के दौरान गिरी इमारत

जानकारी के अनुसार, वेस्टर्न मार्ग स्थित गली नंबर-5 में यह हादसा उस समय हुआ जब सातवीं मंजिल की छत डालने की तैयारी चल रही थी। तभी पूरी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना इतनी तेज थी कि कुछ ही पलों में पूरा ढांचा मलबे में बदल गया। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें इमारत को गिरते हुए देखा जा सकता है।

मलबे से 14 लोग निकाले गए, अस्पताल में चार मृत घोषित

पुलिस और राहत एजेंसियों के अनुसार, दमकल विभाग, एनडीआरएफ, डीडीएमए और स्थानीय पुलिस की मदद से रविवार सुबह तक 14 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया।

सभी घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 26 वर्षीय रवि का नाम भी शामिल है।

ज्यादातर मेडिकल छात्र थे घायल

घायलों में कई छात्र शामिल हैं, जिनकी पहचान विभिन्न शहरों से आने वाले युवाओं के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पास ही एक अस्थायी रसोई में मेडिकल छात्र भोजन कर रहे थे, तभी मलबा गिरने से वे इसकी चपेट में आ गए।

बचाव अभियान अभी भी जारी

पुलिस का कहना है कि राहत और बचाव कार्य अभी जारी है, क्योंकि आशंका है कि कुछ लोग अभी भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। मौके पर एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियां लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

हादसे के बाद सबसे पहले पहुंचे स्थानीय लोग

हादसे के बाद इलाके में धूल का घना गुबार फैल गया और कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। इसी बीच स्थानीय लोग बिना देर किए मदद के लिए मौके पर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग अपने घरों और दुकानों से फावड़े, रॉड और टॉर्च लेकर मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुट गए। शुरुआती राहत कार्य स्थानीय लोगों ने ही शुरू किया, जिसके बाद प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं।

व्यावसायिक गतिविधियों से भरी थी इमारत

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, यह इमारत एक कमर्शियल प्रॉपर्टी थी, जिसमें कोचिंग सेंटर, कैफे, पीजी, ऑफिस और कैंटीन जैसी गतिविधियां संचालित हो रही थीं। घटना के समय कई लोग कैंटीन और रसोई क्षेत्र में मौजूद थे।

मकान मालिक पर केस दर्ज, जांच शुरू

पुलिस ने इमारत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।