हांसी। हांसी–दिल्ली रोड स्थित एचएच-10 मार्केट में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक शोरूम मैनेजर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से काली स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार हो गए।
25 वर्षीय सूरज जैन की मौत
मृतक की पहचान हिसार के सेक्टर-13 निवासी 25 वर्षीय सूरज जैन के रूप में हुई है। सूरज पिछले करीब दो साल से हांसी स्थित एक जाकी शोरूम में मैनेजर के रूप में कार्यरत था और रोजाना हिसार से हांसी अप-डाउन करता था। वह दो भाइयों में बड़ा था।

बातचीत के बहाने बुलाकर हमला
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे तीन से चार युवक शोरूम के बाहर पहुंचे और सूरज को बातचीत के बहाने बाहर बुलाया। इसके बाद कुछ ही देर में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
इसी दौरान एक हमलावर ने सूरज पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में मृत घोषित
घटना के बाद आसपास के दुकानदारों ने घायल सूरज को तुरंत हांसी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सदानंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शव का पोस्टमार्टम रविवार को किया जाएगा।