नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में रविवार सुबह प्रशासन ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया। भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की मौजूदगी में शालीमार गांव क्षेत्र में तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा रही है।
इलाके को किया गया सील, रास्ते बंद
कार्रवाई को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आजादपुर अंडरपास से लेकर मैक्स अस्पताल रोड टी-प्वाइंट तक पूरे क्षेत्र को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की भीड़ या व्यवधान न हो।
कई बुलडोजरों से जारी तोड़फोड़
अधिकारियों के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है। इस क्षेत्र में कई बहुमंजिला इमारतें बनी हुई थीं, जिन्हें नियमों के उल्लंघन के तहत ध्वस्त किया जा रहा है। यह अभियान दिनभर चलने की संभावना है।
पहले ही दिया गया था अल्टीमेटम
राजस्व विभाग ने इस क्षेत्र में बनी करीब 150 इमारतों को 30 मई तक खाली करने का निर्देश दिया था। इसके बाद प्रशासन ने शनिवार से ही तैयारियां तेज कर दी थीं। पिछले दो दिनों से कई लोग खुद ही अपने घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं।
ड्रोन से निगरानी, सख्त सुरक्षा व्यवस्था
पूरे इलाके को सील करने के साथ-साथ ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी भी की जा रही है। जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त बैरिकेड्स मंगाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
शनिवार को दिनभर लोग अपने घरों से सामान निकालते और कई जगहों पर खुद ही अवैध ढांचे हटाते नजर आए। प्रशासन की यह कार्रवाई अब भी जारी है।