गुरुग्राम। जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्थाओं को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी साझा की गई।

ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान में बड़ी कार्रवाई

जिला परिवहन अधिकारी एवं क्षेत्रीय यातायात प्राधिकरण के सचिव परमजीत चहल ने बताया कि ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान के तहत कुल 167 चालकों के लाइसेंस अगले तीन महीने के लिए निलंबित किए गए हैं। इनमें 148 लाइसेंस बादशाहपुर क्षेत्र और 19 लाइसेंस सोहना क्षेत्र में निलंबित किए गए।

स्कूल बसों की जांच और सुरक्षा

आरटीए विभाग द्वारा सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के तहत चलाए गए अभियान में 450 स्कूल बसों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 52 बसों के चालान किए गए। एडीसी सोनू भट्ट ने निर्देश दिए कि खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सभी स्कूलों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएँ और आरटीए विभाग हर महीने विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करे।

साथ ही, स्कूल ट्रांसपोर्ट स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन नियमित रूप से पोर्टल के माध्यम से कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई

सड़क सुरक्षा और नियमों के प्रभावी पालन के तहत आरटीए विभाग ने फरवरी में विशेष अभियान चलाकर 233 ओवरलोड वाहनों के चालान किए, जिन पर कुल 1 करोड़ 40 लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

सड़क निर्माण और अतिक्रमण हटाने की जानकारी

जीएमडीए के प्रतिनिधियों ने बताया कि जेल रोड पर पैदल यात्री क्रॉसिंग, सड़क लेन मार्किंग और बोलार्ड लगाने का कार्य पूरा हो चुका है। सेक्टर 4, 7 और 9 चौक पर संयुक्त निरीक्षण में अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किए गए हैं और 20 मार्च तक इसे हटाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

एनएचएआई ने भी पचगांव चौक पर हाई मास्ट लाइट स्थापित होने की जानकारी दी।

बैठक में बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव, एमवीओ हरेंद्र वीर, शिक्षा विभाग से एईओ जगदीश एहलावत, पंचायत विभाग से एलए राजपाल मोर, एनएचएआई, नगर निगम गुरुग्राम और मानेसर, पीडब्ल्यूडी, जीएमडीए, राहगीरी फाउंडेशन सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।