इंदौर में सामने आए बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में अदालत ने एक अहम फैसला सुनाया है। शिलांग सेशन कोर्ट ने मामले के आरोपी राज कुशवाह की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। इस फैसले के बाद उन अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें माना जा रहा था कि सह-आरोपी सोनम रघुवंशी को राहत मिलने के बाद राज को भी जमानत मिल सकती है।
जानकारी के अनुसार, राज कुशवाह की ओर से बुधवार शाम अदालत में जमानत के लिए याचिका दाखिल की गई थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसे अब सुनाते हुए याचिका को अस्वीकार कर दिया गया।
सोनम की जमानत से बढ़ी थी चर्चा
इस मामले में कथित मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को हाल ही में जमानत मिल चुकी है। मंगलवार रात वह जेल से बाहर आईं और वर्तमान में शिलांग के एक होटल में अपने पिता देवी सिंह के साथ ठहरी हुई हैं। बताया गया कि उनकी रिहाई के लिए 50 हजार रुपये का मुचलका भरा गया था। सोनम की जमानत के बाद मामले के अन्य आरोपियों को भी राहत मिलने की चर्चाएं तेज हो गई थीं, लेकिन कोर्ट के ताजा आदेश ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।
कोर्ट का फैसला
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने तर्क दिया कि आरोपी को लंबे समय तक जेल में रखना उसके अधिकारों का उल्लंघन है, लेकिन अदालत ने मामले की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए जमानत देने से इनकार कर दिया।