हरदोई से फर्रुखाबाद जा रही एक प्राइवेट बस शुक्रवार को शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में रघुनाथपुर गांव के पास हादसे का शिकार हो गई। ओवरटेक करने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिसमें करीब 25 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि बस में लगभग 60 यात्री सवार थे, जो हरपालपुर (हरदोई) से फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। यात्रा के दौरान कुछ यात्रियों ने चालक से बस धीमी और सावधानी से चलाने की भी अपील की थी, लेकिन चालक ने ध्यान नहीं दिया।

रघुनाथपुर के पास जब बस ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी वह असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर घायलों को बाहर निकाला।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया

हादसे में घायल 25 यात्रियों में से 11 को एंबुलेंस की मदद से लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां 9 को भर्ती कर लिया गया, जबकि 2 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

अस्पताल पहुंचे घायलों में राधिका (45), नन्हीं देवी (60), विश्व प्रताप सिंह (31), उमाकांती (55), गुड्डी (55), रामदेवी (65), अनुष्का (8), रामलड़ैते (47), जदुवीर सिंह (60), रंजीत सिंह और राजू (30) शामिल हैं।

अस्पताल में पहुंचे अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम, एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय और सीओ अभय वर्मा लोहिया अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।

कुंडल और रुपये को लेकर आरोप

घायल उमाकांती के बेटे राहुल ने आरोप लगाया कि हादसे के दौरान उनकी मां के कुंडल और करीब 6 हजार रुपये मौके पर गिर गए थे। उनका कहना है कि एक पुलिसकर्मी ने वह सामान उठा लिया था, लेकिन बाद में मांगने पर देने से इनकार कर दिया। इस मामले को लेकर परिजनों ने नाराजगी जताई है।