गुरुग्राम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बिग बॉस ओटीटी सीजन-2 के विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की धमकी दी गई है। यह धमकी विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए भेजी गई, जो उनके पिता के मोबाइल पर भी प्राप्त हुई।
जानकारी के अनुसार, 5 मई को एल्विश यादव के पास एक विदेशी नंबर से कॉल आई थी, जिसे वह रिसीव नहीं कर सके। इसके कुछ ही समय बाद उसी नंबर से व्हाट्सएप पर एक मैसेज भेजा गया, जिसमें 10 करोड़ रुपये की मांग की गई।
मैसेज भेजने वाले ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करीबी रणदीप मलिक के रूप में पहचान बताते हुए दो दिन के भीतर रकम देने की चेतावनी दी। साथ ही यह भी धमकी दी गई कि पैसे नहीं देने पर जान से मार दिया जाएगा।
एल्विश यादव ने पुलिस को बताया कि यह धमकी भरा संदेश केवल उन्हें ही नहीं बल्कि उनके पिता के फोन पर भी भेजा गया है, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-56 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने केस को गंभीरता से लेते हुए इसे अपराध शाखा को सौंप दिया है और कॉल व मैसेज की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साइबर टीम यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाला नंबर किस देश या स्थान से संचालित हो रहा था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी एल्विश यादव निशाने पर रह चुके हैं। 2025 में उनके गुरुग्राम स्थित घर पर तीन बाइक सवार हमलावरों ने करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग की थी। उस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि जांच में विदेश में बैठे गैंग का नाम सामने आया था।