हरियाणा में भारी बारिश के बीच हाई अलर्ट, नदियां उफान पर; अधिकारियों की छुट्टियां रद्द

हरियाणा में लगातार बारिश के चलते यमुना, घग्गर, मारकंडा और टांगरी समेत अधिकांश नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, इसलिए प्रदेश में हाई अलर्ट लागू किया गया है।

सरकार ने पुलिस और प्रशासन के सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं, ताकि आपात परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

मौसम विभाग ने 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिनमें यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, फरीदाबाद, पलवल, गुरुग्राम, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल, जींद, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। वहीं, हिसार, फतेहाबाद, कैथल और सिरसा में येलो अलर्ट है।

प्रदेश में जलभराव के कारण करीब 40 हजार किसानों की 2.5 लाख एकड़ से अधिक फसल प्रभावित हो चुकी है। इसको देखते हुए सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मुख्यालय पर रहकर पांच सितंबर तक सतर्क रहने और निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने मंडल आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों, उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और एसडीएम को लिखित आदेश दिए हैं कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर बाढ़ संभावित क्षेत्रों में किसी भी अधिकारी को मुख्य सचिव या गृह सचिव की अनुमति के बिना अवकाश न दिया जाए। इसके अलावा, पंचायत सचिव और पटवारियों को 24 घंटे सतर्क रहने और लगातार जिला मुख्यालय को रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है।

सभी सरकारी और निजी स्कूलों के प्राचार्यों को भवन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छत, कमरे और बिजली फिटिंग की नियमित जांच करने को कहा गया है। स्कूलों में जरूरत पड़ने पर छुट्टी दी जा सकती है, लेकिन टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ ड्यूटी पर रहेगा।

मुख्यमंत्री कार्यालय के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और अभी तक किसी जिले में गंभीर बाढ़ की स्थिति नहीं बनी है। सभी जिलों में कंट्रोल रूम स्थापित कर लोगों की मदद की जा रही है। सोमवार को बाढ़ संभावित जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में उपायुक्त, एसडीएम और सिंचाई एवं स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारी पूरे दिन फील्ड में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री कार्यालय लगातार जिलों के अधिकारियों से संपर्क में है और उन्हें स्थिति से अवगत करा रहा है।

इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राशन, पानी और अन्य आवश्यक सामान पहुंचा रहे हैं। पार्टी किसानों, कामगारों और अन्य प्रभावितों की हर संभव मदद करेगी। इसके अलावा, पशुओं के लिए चारा भेजने और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था भी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here