पिनगवां (नूंह)। जिले में शादियों के दौरान करोड़ों रुपये की नकदी और नोटों की मालाओं के जरिए हो रहे दिखावे और फिजूलखर्ची पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। इस तरह के प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने जांच और निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं।
मामले में दैनिक जागरण द्वारा प्रकाशित खबर के बाद नूंह पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर अब सोशल मीडिया, वीडियो और शादी समारोहों में हो रहे ऐसे प्रदर्शन पर विशेष नजर रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शादी समारोहों में भारी मात्रा में नकदी या नोटों की माला दिखाने वालों से पैसों के स्रोत की पूरी जानकारी मांगी जाएगी। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित मामलों में आयकर चोरी और काले धन से जुड़े प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा नोटों की मालाएं उपलब्ध कराने या किराए पर देने वाले नेटवर्क की भी जांच की जाएगी, ताकि इस तरह के कारोबार पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह का दिखावा समाज, विशेषकर युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करता है और उन्हें मेहनत की बजाय अवैध कमाई की ओर आकर्षित कर सकता है। इसलिए ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
प्रशासन ने साफ किया है कि शादियों में अवैध धन का प्रदर्शन, हंगामा या फिजूलखर्ची किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।