हरियाणा में बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य के शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। चंडीगढ़ में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि सरकारी स्कूलों में 25 मई (सोमवार) से गर्मियों की छुट्टियां शुरू कर दी जाएंगी।
इस बार गर्मी की छुट्टियां 25 मई से 30 जून तक चलेंगी, जबकि सामान्य तौर पर हर वर्ष यह अवकाश 1 जून से शुरू होता था। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे। इस दौरान सरकारी स्कूलों के आधारभूत ढांचे और अन्य सुविधाओं की भी समीक्षा की गई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।
शिक्षा मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि अब सरकारी स्कूलों में कोई भी शिक्षक कक्षा के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं कर सकेगा। इसके साथ ही उन्होंने स्कूली पाठ्यक्रम में श्रमदान को शामिल करने की बात भी कही।
उधर, प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी और लू का असर लगातार जारी है। दोपहर के समय सड़कें लगभग खाली नजर आ रही हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी राहत की संभावना कम है।
राज्य के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है। मंगलवार को रोहतक में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से काफी अधिक है। मौसम विभाग ने 25 मई तक लू और भीषण गर्मी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।