हिसार। हरियाणा में संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। सिरसा जिले में गेहूं खरीद के दौरान बायोमेट्रिक अनिवार्यता और ट्रैक्टर नंबर दर्ज कर फोटो पोर्टल पर अपलोड करने जैसे नियमों के खिलाफ किसानों ने बड़ा प्रदर्शन किया।

किसान संगठनों ने नेशनल हाईवे पर स्थित भावदीन टोल और खइयां मलकाना टोल पर करीब तीन घंटे तक जाम लगाकर विरोध जताया। इस दौरान यातायात प्रभावित रहा और वाहन चालकों को वैकल्पिक ग्रामीण मार्गों से होकर लगभग 8 से 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी।

टोल प्लाजा पर धरना, पुलिस तैनात

राष्ट्रीय किसान मंच हरियाणा के आह्वान पर विभिन्न किसान संगठनों ने टोल प्लाजा पर धरना दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

कांग्रेस नेता ने मंडियों का किया दौरा

इसी बीच तोशाम में कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने शनिवार को कई अनाज मंडियों का दौरा किया। उन्होंने भिवानी, तोशाम, पटौदी और जुई मंडी में पहुंचकर किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याएं जानीं।

अनिरुद्ध चौधरी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि फसल खरीद प्रक्रिया में लगाए गए नए नियम किसानों के लिए परेशानी बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बायोमेट्रिक सिस्टम और ट्रैक्टर-ट्रॉली नंबर जैसी शर्तों को “अनावश्यक और जटिल व्यवस्था” बताया।

नए नियमों पर किसानों की आपत्ति

सरकार द्वारा रबी फसल खरीद के लिए लागू किए गए नए प्रावधानों के तहत किसानों को मंडी में फसल बेचने से पहले स्लॉट बुक करना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही “मेरी फसल, मेरा ब्योरा” पोर्टल पर पंजीकरण और वाहन की जानकारी पहले से दर्ज करना जरूरी किया गया है।

किसानों का कहना है कि कई ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट नहीं होती और ऐसे में यह प्रक्रिया उनके लिए मुश्किलें खड़ी कर रही है। साथ ही फसल की गुणवत्ता को लेकर भी नए नियमों पर सवाल उठाए जा रहे हैं।