फरीदाबाद में अपराध शाखा सेक्टर-85 और सेंट्रल की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई के तहत घरों में चोरी के मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर सोनू को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह मुठभेड़ 11 जून की सुबह आईएमटी से मच्छगर जाने वाले मार्ग पर हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे काबू किया गया।
पुलिस के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में मौजूद है। जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी और कथित तौर पर चार राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चोरी के मामलों में था वांछित
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी थाना पल्ला क्षेत्र में हुई घरों में चोरी की कई वारदातों में शामिल रहा है और लंबे समय से फरार चल रहा था। वह एक हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है।
28 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज
जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के नोएडा में गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में 28 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों और चोरी की घटनाओं के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।