हरियाणा के करनाल में पिछले महीने हुए लाठीचार्ज को लेकर किसानों ने आज महापंचायत का आह्वान किया है। इसी को लेकर करनाल में सुरक्षा के पुख्ता व्यवस्था कर दिए गए है। आज के किसान महापंचायत को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बड़ा बयान दिया है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक मनोहर लाल खट्टर ने साफ तौर पर कहा कि लोकतंत्र में सभी को कार्यक्रम करने का अधिकार है। खट्टर ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को कार्यक्रम करने का अधिकार है। किसानों ने वहां एक सभा बुलाई है जो चल रही है साथ ही एक किसानों की कमेटी भी बनी है जिसकी प्रशासन से बातचीत चल रही है। मुझे लगता है कि कोई न कोई रास्ता निकल जाएगा।
दूसरी ओर किसानों पर 28 अगस्त को हुए पुलिस के कथित लाठीचार्ज के विरोध में करनाल में महापंचायत करने तथा ‘‘ लघु सचिवालय का घेराव करने’’ की किसानों की योजना के मद्देनजर जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि करनाल में हरियाणा पुलिस के साथ ही बड़ी संख्या में केन्द्रीय बलों के कर्मी भी तैनात किए गए हैं, जबकि नई अनाज मंडी में भी बल की भारी तैनाती की गई है। किसानों की योजना अनाज मंडी में एकत्रित होकर, वहां से लघु सचिवालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़ने की है।
हरियाणा भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढूनी ने किसानों से शांतिपूर्वक तरीके से अनाज मंडी में एकत्रित होने की अपील की है। उन्होंने कहा, ‘‘ हम नई अनाज मंडी में महापंचायत करेंगे।’’ चढूनी ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘ मैं सभी से शांतिपूर्वक तरीके से मंडी पहुंचने की अपील करता हूं। मुझे संदेश मिला है कि पुलिस हमें मंडी में एकत्रित होने देगी। आगे की कार्रवाई महापंचायत में ही तय की जाएगी।’’ खबरों के अनुसार, किसानों ने नई अनाज मंडी पहुंचना शुरू कर दिया है, जबकि बीकेयू के नेता राकेश टिकैत भी करनाल पहुंच रहे हैं। पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई अनाज मंडी में तैनात किया गया है। लघु सचिवालय के आसपास अवरोधक लगाए गए हैं और भारी बल की तैनाती की गई है।