बाराबंकी: देवा कस्बा के लालापुर मोहल्ला में शनिवार को एक शादी समारोह के दौरान 50 से अधिक लोगों की तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गए।

शादी समारोह और भोजन

लालापुर निवासी मुफीद की बेटी की शादी बड्डूपुर के खिजना गांव निवासी युवक से तय हुई थी। बरात आने और सभी रस्में पूरी होने के बाद परिवार ने नॉनवेज भोजन परोसा।

आधे घंटे में बिगड़ी तबीयत

भोजन के लगभग आधे घंटे बाद कई लोगों को पेट में तेज दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। इसमें रजिया, जावेद, समीर, सबनम, इरफान, जबीर, अलीम, फैजुर्रहमान, अलीजा, असलम, अरमान, रिजवान, कुजुमा, लालजी सहित कई अन्य शामिल थे।

अस्पताल में भर्ती

अचानक बिगड़ी तबीयत के कारण अफरा-तफरी मच गई। लगभग 31 लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) देवा में भर्ती किए गए। इसके अलावा डेढ़ दर्जन लोग निजी अस्पताल और करीब आधा दर्जन लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं।

फूड पॉइजनिंग की आशंका

डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। प्रशासन ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और विवाह समारोह में परोसे गए भोजन के सैंपल जांच के लिए भेजे जाने की भी पुष्टि की गई है।