चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए शुक्रवार को चार आईएएस अधिकारियों समेत कुल 17 अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आदेश के तहत ऊर्जा, शहरी विकास, स्वास्थ्य और जिला प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
इस प्रशासनिक बदलाव में ऊर्जा और शहरी विकास से जुड़े विभागों पर विशेष फोकस देखा गया है। आईएएस विक्रम को बिजली वितरण निगमों के प्रबंध निदेशक के पद पर बनाए रखते हुए ऊर्जा विभाग में विशेष सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, आईएएस सचिन गुप्ता को रोहतक में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) का प्रशासक और अर्बन एस्टेट का अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है।
आईएएस विजय कुमार सिद्धप्पा भविकट्टी को राज्यपाल के सचिव के साथ-साथ श्रम आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा आईएएस अनिश यादव को हैफेड और इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर मार्केटिंग कॉर्पोरेशन, गन्नौर के प्रबंध निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
जिला स्तर पर भी बड़े बदलाव
राज्य सरकार ने जिला प्रशासन में भी कई अधिकारियों की नई तैनाती की है। विभिन्न एचसीएस अधिकारियों को एसडीओ (सिविल) के रूप में अलग-अलग जिलों में नियुक्त किया गया है।
अमित कुमार-I को पुनहाना, वेद प्रकाश को डबवाली, भूपेंद्र सिंह को पलवल, अशवीर सिंह को बरवाला, संजय कुमार को बावल, हनी बंसल को फरीदाबाद और अंकित कुमार-II को गोहाना में जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही वीरेंद्र चौधरी को कुरुक्षेत्र में जिला परिषद एवं डीआरडीए का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
युवा अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी
नई भर्ती से आए एचसीएस अधिकारियों को भी अहम पद दिए गए हैं। ज्योति नागपाल को गुरुग्राम का सिटी मजिस्ट्रेट और सपना यादव को एचआईपीए, गुरुग्राम में संयुक्त निदेशक (प्रशासन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।