हरियाणा के मोखरा गांव में गेहूं की कटाई को लेकर हुए विवाद ने बुधवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। पंजाब से आए तीन कंबाइन ऑपरेटरों पर करीब दो बजे हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया। हमले में तीनों युवक घायल हो गए, जबकि आरोप है कि हमलावर दो लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए और कंबाइन मशीन, बाइक व स्कूटी को भी तोड़ दिया।

घायलों की पहचान पटियाला जिले के गांव बोलड़ कलां निवासी मनिंदर सिंह, फौजी और राई माजरा निवासी हरदीप सिंह के रूप में हुई है। तीनों को इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, मनिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से मोखरा गांव में किसान फूल सिंह के यहां गेहूं कटाई का काम करने आते हैं। इस बार भी अप्रैल में वे अपनी कंबाइन लेकर पहुंचे थे और बुधवार शाम बसाना रोड स्थित एक एकड़ खेत की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान 10 से 12 लोग ट्रैक्टर पर सवार होकर वहां पहुंचे और काम रुकवा दिया।

आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने फूल सिंह के बेटे अभय और बेटी रिंपी से मारपीट भी की, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार इस विवाद में कई अन्य ग्रामीणों के नाम भी सामने आए हैं।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि रात करीब दो बजे आरोपी दीवार फांदकर किसान के घर में घुस आए, जहां तीनों युवक सो रहे थे। हमलावरों ने कुल्हाड़ी, फरसा, गंडासी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे तीनों को हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। इसके साथ ही कंबाइन मशीन, बाइक और स्कूटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

शिकायत में यह भी आरोप है कि हमलावर घर से दो लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

थाना बहुअकबरपुर पुलिस ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।