गुरुग्राम में हरियाणा और एनसीआर में कई आपराधिक मामलों में वांछित कुख्यात गैंगस्टर साहिल चौहान को हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने थाईलैंड से प्रत्यर्पित कर भारत वापस लाया है। आरोपी को हाल ही में थाईलैंड में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद लंबी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे देश लाया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह साहिल चौहान दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा, जहां से STF की टीम उसे सीधे भोंडसी स्थित मुख्यालय ले गई। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और जबरन वसूली जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से विदेश में बैठकर हरियाणा के कारोबारियों को विदेशी मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया के जरिए धमकाता था और उनसे करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगता था। वह एनआईए के रडार पर भी था और आतंक-गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े मामलों में वांछित बताया जाता है।
एसटीएफ को इनपुट मिला था कि साहिल चौहान थाईलैंड में छिपा हुआ है, जिसके बाद उसकी लोकेशन ट्रेस कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं और उसे भारत लाया गया। अब पुलिस उसके खिलाफ दर्ज मामलों में प्रोडक्शन वारंट लेकर आगे की कार्रवाई करेगी।
पूछताछ के दौरान उससे उसके नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और अन्य सहयोगियों को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, एसटीएफ आईजी सतीश बालन आज भोंडसी मुख्यालय में मीडिया को पूरे प्रत्यर्पण ऑपरेशन की जानकारी देंगे।