हरियाणा के सोनीपत शहर की रहने वाली एक महिला ने नागरिक अस्पताल के एक चिकित्सक पर दुष्कर्म व लूट के दो मुकदमे दर्ज कराए हैं। महिला ने ओपीडी के अंदर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। उसने एक साल में कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। महिला थाना पुलिस ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं महिला ने सेक्टर-27 थाना में लूट व पिटाई करने का मुकदमा दर्ज कराया है।

महिला थाना पुलिस को 30 वर्षीय एक महिला ने 27 अप्रैल को शिकायत देकर चिकित्सक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। महिला ने पुलिस को बताया था कि वह शहर की एक कॉलोनी की रहने वाली है। वह उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में आती थी। यहां एक चिकित्सक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था।

महिला ने आरोप लगाया कि करीब एक साल में आरोपी उससे कई बार दुष्कर्म कर चुका है। जिस पर महिला थाना पुलिस ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया। अब महिला से सेक्टर-27 थाना पुलिस को शिकायत देकर लूट का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि वह 29 अप्रैल की शाम को अस्पताल में गई थी। यहां डॉक्टर ने उसकी पिटाई कर दी और मोबाइल छीन लिया। इसके साथ उसे धमकी दी गई। इस शिकायत पर सेक्टर-27 थाना की सिक्का कॉलोनी चौकी पुलिस ने डॉक्टर पर मारपीट व लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।