शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलता जा रहा है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और शिमला सहित अन्य क्षेत्रों में झमाझम बारिश हो रही है। ठंड में वृद्धि के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस में गया।
बीते 24 घंटों के दौरान मनाली में 53.0, सराहन 32.5, सियोबाग 32.4, जोत 27.0, भुंतर 26.5, निचार और जोत 19.0, भरमौर 17.0, धर्मशाला 15.3, भटियात 13.4, सांगला 10.8, जोगिंद्रनगर 10.0, रामपुर 8.2, पालमपुर 6.6, कांगड़ा 6.5, कुमारसैन 5.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
वहीं, गोंधला में 13.0, केलांग 12.0, कुकुमसेरी 11.4, हंसा 10.0, सांगला 1.4 और कल्पा में 0.4 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। किन्नौर की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी जारी रही।
कुल्लू-लाहौल में बारिश और भूस्खलन की खबरें
जिला कुल्लू और लाहौल में बुधवार रात से लगातार बारिश हो रही है। मनाली से केलांग के बीच फोर-बाय-फोर वाहन ही चल रहे हैं। जलोड़ी दर्रा से भी केवल फोर-बाय-फोर गाड़ियां ही गुजर रही हैं।
कुल्लू-मनाली हाईवे के पतलीकूहल के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाएं हुई हैं। मणिकर्ण के घटीगढ़ में भूस्खलन के कारण मणिकर्ण-बरशैणी मार्ग बंद रहा। रोहतांग और जलोड़ी दर्रा में 10 से 12 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। इसके चलते पर्यटकों को सोलंगनाला से आगे नहीं भेजा गया।
सिरमौर में भी मौसम ने ली करवट
सिरमौर जिले में गुरुवार को मौसम अचानक बदल गया और हल्की बारिश शुरू हो गई। लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की और पहाड़ी क्षेत्रों में यह बारिश फसलों के लिए वरदान साबित होगी। बारिश के बाद तापमान में ठंड बढ़ गई।
प्रमुख स्थानों का न्यूनतम तापमान
शिमला 7.0, सुंदरनगर 10.7, भुंतर 8.5, कल्पा 1.2, धर्मशाला 8.2, ऊना 11.6, नाहन 10.0, पालमपुर 10.0, सोलन 9.4, मनाली 3.1, कांगड़ा 12.9, मंडी 11.7, बिलासपुर 13.0, जुब्बड़हट्टी 8.8, कुफरी 2.8, कुकुमसेरी -0.6, सेऊबाग 7.0, बरठीं 11.4, कसाैली 10.4, पांवटा साहिब 18.0, सराहन 2.0, देहरागोपीपुर 14.0, ताबो 1.2, नेरी 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 19 और 20 मार्च को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने का अनुमान है। 19 मार्च को चंबा, कांगड़ा, मंडी और लाहौल-स्पीति में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट है। शिमला में बारिश के साथ अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
20 मार्च को शिमला, सिरमौर और मंडी में भारी बारिश-बर्फबारी और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट है। 21 से 25 मार्च तक उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी।
तापमान में बदलाव
अगले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री वृद्धि, और अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-6 डिग्री बढ़ोतरी होने के आसार हैं।