हिमाचल: विपक्ष की गैर मौजूदगी में बजट पारित, विधानसभा सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के पास बहुमत होने के बावजूद राज्यसभा की सीट भाजपा की झोली में जाने से प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया हैं। भाजपा के 15 विधायक सदन ने निलंबित कर दिए गए हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने सरकारी गाड़ी छोड़ी
मंत्रिमंडल से इस्तीफे के बाद विक्रमादित्य सिंह ने सरकारी गाड़ी को छोड़ दी है। वह अपनी निजी कार में विधानसभा से अपने आवास के लिए रवाना हुए। 

जयराम रमेश बोले- क्रॉस वोटिंग पर रिपोर्ट मांगी, अभी प्राथमिकता सरकार को बचाना
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए एक साजिश रचाई जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने पर्यवेक्षकों को कहा है कि विधायकों से मिलकर उनकी शिकायतें सुनें और जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपे। क्रॉस वोटिंग दुर्भाग्यपूर्ण है। अभी हमारी प्राथमिकता कांग्रेस सरकार को बचाना है |

सदन में बजट पारित, सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र बजट पारित किए जाने के बाद बुधवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर कर दिया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बजट से संबंधित विधेयक को पारित करने के लिए प्रस्ताव किया। सदन विपक्ष की गैर मौजूदगी में बजट का पारण हुआ।  मुख्यंमत्री सुक्खू ने कहा कि जिन्होंने चेयर से कागज छीने, उन पर कार्रवाई की जाए। जिन्होंने सदन में नाटी लगाई, उन पर भी कार्रवाई करें। जयराम को सत्ता की बहुत भूख है।  गुंडागर्दी से यह प्रदेश नहीं चलेगा। यह देवभूमि है। अफसरों को डराने की बात ठीक नहीं है।  जयराम ठाकुर का और विपक्ष का राज्यसभा के चुनाव के समय व्यवहार सही नहीं था। 

बागी विधायकों को अयोग्य घोषित करने के लिए बहस शुरू 
वहीं, कांग्रेस पार्टी के छह बागी विधायकों को अयोग्य घोषित करने के लिए बहस शुरू हो गई है। पार्टी की तरफ से स्थिति स्पष्ट करने के लिए बुधवार दोपहर डेढ़ बजे तक का समय दिया गया था। स्पीकर के समक्ष दोनों पक्षों के वकील बहस करेंगे। कांग्रेस पार्टी की पैरवी करने के लिए दिल्ली से वरिष्ठ अधिवक्ता पहुंचे हैं। सत्यपाल जैन ने कहा कि स्पीकर की ओर से सिर्फ कारण बताओ नोटिस दिया गया है। विधानसभा के रूल के अनुसार दल बदल विरोधी कानून में विधायक को सात दिन का नोटिस दिया जाता है।  राज्यसभा में वोट डालना या नहीं डालना यह बदल विरोधी कानून में नहीं आता है। 
 

विपक्ष ने सदन में गैर मर्यादित व्यवहार किया: हर्षवर्द्धन 
विधानसभा सदन की कार्यवाही 2:00 बजे के बाद फिर शुरू हुई है। निलंबित विधायकों को सदन में नहीं आने दिया गया। संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने कहा कि विपक्ष ने सदन में गैर मर्यादित व्यवहार किया। आसन पर कागज फेंके गए। यह निंदनीय है। स्पीकर ने कहा कि 15 विधायकों को निलंबित किया। उसके बावजूद यह सभी सदस्य सदन में बैठे, यह भी नियमों की अवहेलना है। पर इस तरह का व्यवहार सही नहीं। साल भर सारी कार्यवाही देखी जाए तो सबसे ज्यादा वक्त नेता प्रतिपक्ष को दिया गया। पेटिशन आज हियरिंग में लगा दी गई है। छह विधायकों की अंडर डिफेक्शन पेटिशन की सुनवाई हो रही है। 

इस पर भाजपा विधायक सतपाल सत्ती ने कहा- हम मानकर चल रहे हैं कि सरकार अल्पमत में आ गई है। आप सरकार बचाने का काम कर रहे हैं।  हम भी इस सदन में नहीं रहेंगे। हम सदन का बहिष्कार कर जा रहे हैं। इसके बाद विपक्ष के विधायक सदन से बाहर चले गए।  कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि यह लोकतांत्रिक नहीं है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर 15 लोगों के साथ पोलिंग स्टेशन में घुस गए। उन्हें प्रभावित करने की कोशिश की गई। कैसे यह लोकतंत्र चलेगा। जब बाहर जाने को कहा तो नहीं गए। कांग्रेस की तादाद 40 की थी। क्या वे बगैर प्रलोभन के गए हैं। इस सदन की मर्यादा के लिए जो भी फैसला लिया, उससे लोकतंत्र बच गया है। कहा कि जयराम तो लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। जो आदेश को लागू नहीं कर पाए, उन अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

मैं एक योद्धा हूं, बजट में बहुमत साबित करेंगे
सीएम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मैंने कोई इस्तीफा नहीं दिया, मैं एक योद्धा हूं। आम परिवार से निकला योद्धा लड़ाई में संघर्ष करता है और जीत संघर्ष की होती है। कांग्रेस पार्टी की सरकार पांच साल चलेगी। यह सरकार आम आदमी, कर्मचारियों व महिलाओं की सरकार है। भाजपा की ओर से विधायकों को बरगलाकर जो प्रोपेगेंडा चलाया जा रहा है, वह सफल नहीं होगा। इस लड़ाई को युद्ध की तरह लड़ूंगा। सीएम ने कहा कि बजट सत्र में हम अपना बहुमत साबित करेंगे। भाजपा के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं और जो लोग राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं, वे ऐसा नहीं कर पाएंगे। भाजपा का सदन में बर्ताव उचित नहीं है। 

सरकार नैतिक अधिकार खो चुकी: जयराम
हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा- यह सरकार सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। जहां तक मुझे जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने भी अपना इस्तीफा पेश कर दिया है या हो सकता है कि आलाकमान ने उनसे मांगा हो, मुझे पता नहीं है। जयराम ठाकुर ने कहा कि आज वही हुआ जिसकी हमें आशंका थी। हमने सुबह राज्यपाल से मुलाकात की थी और हमने कहा था कि बजट पास कराने के लिए कांग्रेस के पास बहुमत नहीं है। ऐसे में वे भाजपा के विधायकों को निलंबित करेंगे… आज सदन में आते ही संसदीय कार्य मंत्री की ओर से प्रस्ताव लाया गया और 15 विधानसभा सदस्यों को निलंबित करने के लिए कहा गया। हमें मार्शल के माध्यम से बाहर जाने के लिए विवश किया गया, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। सदन में निलंबन का प्रावधान तब होता है, जब हम सदन की कार्यवाही में बाधा डालें। हम चर्चा के लिए तैयार थे। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here