हिमाचल के बिलासपुर में स्वारघाट थाना क्षेत्र के तहत समलेटू गांव के पास एक गाड़ी (मिलर) बेकाबू होकर खाई में गिर गई। हादसे में गाड़ी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वारघाट में फर्स्ट एड के बाद उसे नालागढ़ भेजा गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार किरतपुर-नेरचौक फोरलेन कंपनी में कार्यरत एक गाड़ी गत रविवार रात थापना से जगातखाना की ओर जा रही थी। समलेटू गांव के पास गाड़ी बेकाबू होकर सड़क से 100 फीट से अधिक नीचे गिर गई। गाड़ी को हरियाणा का रामेश्वर जाट चला रहा था। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

आसपास मौजूद लोगों ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण फर्स्ट एड के बाद उसे नालागढ़ रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस में नालागढ़ ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। डीएसपी पूर्णचंद ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।