आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के चंबी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। अरविंद केजरीवाल सुबह 11 बजे गगल स्थित कांगड़ा हवाई अड्डा पहुंचेंगे। यहां से वह सीधे चंबी मैदान के लिए रवाना होंगे। चंबी मैदान में वह संसदीय क्षेत्र कांगड़ा के आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। केजरीवाल के दौरे के लिए पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से जुटे हुए हैं। जनसभा के दौरान आप के सीएम चेहरे की घोषणा हो सकती है।
कांगड़ा के गगल स्थित एयरपोर्ट से शाहपुर के चंबी मैदान तक सड़क किनारे आम आदमी पार्टी के झंडे लगे हुए हैं। चंबी मैदान व पुल से लेकर सड़क तक पार्टी के होर्डिंग्स और बैनर लगे हैं।एक माह में अरविंद केजरीवाल का हिमाचल प्रदेश में यह दूसरा दौरा है। इससे पूर्व छह अप्रैल को उन्होंने मंडी में भी रोड शो किया था। जिसके बाद आप में धड़ाधड़ ज्वाइनिंग हो रही है। विभिन्न दलों के पदाधिकारियों ने आम आदमी पार्टी को ज्वाइन किया है।